ग्राम गाजीपुर कुंडा में आग बुझाते ग्रामीण फोटो संवाद
गाजीपुर कुंडा गांव की घटना, लाखों का नुकसान, ग्रामीण और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू
बरखेड़ा। गाजीपुर कुंडा गांव में पांच घरों में आग लगने से लाखों की संपत्ति नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर प्रयास कर आग पर काबू पाया।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे अचानक एक घर में लगे उपलों के ढेर में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इसके साथ ही आसपास के चार अन्य घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच आग ने गंगाराम, डालजीत, ढाकनलाल, मोहनलाल और दुर्गा प्रसाद के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में एक मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जबकि अन्य घरों में रखा सामान जल गया। मोटरसाइकिल, गेहूं के भंडार, दरवाजे-चौखट, छप्पर, उपले चारपाई, बिस्तर सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। अग्निकांड से प्रभावित ग्रामीणों के अनुसार कई लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने इंजन बोरिंग के माध्यम से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। संवाद