पूरनपुर। ननद के घर के दरवाजे पर खड़ी देवरानी और जेठानी से छेड़खानी किए जाने के मामले में न्यायालय के आदेश पर बृहस्पतिवार को चार सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना बीते साल 19 दिसंबर को पूरनपुर देहात के एक मोहल्ला की है। लखीमपुर खीरी के थाना भीरा के पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें कहा कि घटना के दिन अपनी पत्नी और भाभी के साथ बहन के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। उसकी पत्नी और भाभी बहन के मकान के दरवाजे पर खड़ी थीं। इसी दौरान मोहल्ला के वसीम व आमिर ने उसकी पत्नी और भाभी से छेड़खानी की। शोर-शराबा पर एकत्र लोगों ने आरोपी भाइयों को पकड़ने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने अपने दो अन्य भाइयों को बुला लिया। आरोपियों ने उसकी बहन की घर में घुसकर उसके साथ ही पत्नी और भाभी की पिटाई की। पत्नी के कानों से बूंदे और भाभी के कानों से कुंडल छीन लिए। शोर-शराबा पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। संवाद
-