पीलीभीत। दावों के बीच समितियों पर खाद की किल्लत बरकरार है। इससे किसान परेशान हैं। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों की समितियों पर किसान खाद के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूस होना पड़ रहा है। इससे कई जगहों पर आक्रोश भी पनपने लगा है। किसान कृषि विभाग के अफसरोंं के प्रति विरोध प्रदर्शन भी करने लगे हैं। वहीं दावा किया जा रहा है कि दो दिन में खेप पहुंचने के बाद खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।
शहर के टनकपुर हाईवे के निकट स्थित मरौरी क्षेत्र की बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में शुक्रवार को भी एनपीके और डीएपी उपलब्ध नहीं हो सकी। इससे समिति पर सन्नाटा रहा। खाद के लिए पहुंचने वाले किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा। सचिव रईस अहमद ने बताया कि खाद उपलब्ध होने में अभी दो दिन और लगेंगे।
उन्होंने बताया कि समिति के दायरे में आठ गांव जुड़े हैं। अबतक नौ सौ कट्टे खाद किसानों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। यही स्थिति इफको के किसान सेवा केंद्र पर रही। खाद के लिए किसान भटकते नजर आए। केंद्र के उप महाप्रबंधक ब्रजवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को खेप लग गई है।
संभावत: दो दिन में खाद उपलब्ध हो जाएगी। उनका कहना था कि किसान नैनो यूरिया के इस्तेमाल पर भी जोर दें। इसके इस्तेमाल से डीएपी और एनपीके की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी। फसलों की पैदावार भी बढ़ेगी। किसानों को जागरूक करने के लिए विभाग की ओर जागरूकता कार्यक्रम भी किए जा चुके हैं।
000
आठ बीघा खेत में गेहूं की बोआई करनी है। खाद का संकट है। तीन बार चक्कर लगाने के बाद भी खाद नहीं मिल रही। हर बार टालमटोल की जा रही है।
- जतिन कुमार, सुखिया
000
इस सीजन में किसानों को नाममात्र को खाद मिली है। इससे फसलों की बोआई प्रभावित हो रही है। समितियों पर चक्कर लगाने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है।
- मंगल सिंह, रायपुर
खाद न मिलने से परेशान किसानों ने किया प्रदर्शन
बीसलपुर। सहकारी समितियों पर डेढ़ सप्ताह से खाद न मिलने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को गांव अमरा करोड़ में प्राथमिक विद्यालय के पास जिम्मेदार अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
गांव अमरा करोड़ के कुछ किसान शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर जमा हुए और जिम्मेदार अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अधिकारियों की अनदेखी से इस तहसील क्षेत्र की सहकारी समितियों में पिछले डेढ़ सप्ताह से खाद नही मिल रही है।
खाद न मिल पाने के कारण गेहूं की बोआई में अनावश्यक रूप से विलंब हो रहा है। प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना था कि संपन्न किसान तो बाजार से महंगी दर पर खाद खरीद लेते हैैं, लेकिन गरीब किसानों तो केवल सहकारी समितियों पर ही आश्रित रहते हैं। प्रदर्शनकारियों ने आधा घंटा प्रदर्शन करने के बाद यह निर्णय लेकर प्रदर्शन खत्म किया कि यदि तीन दिन के भीतर समितियों पर खाद मिलना शुरू नहीं हुई तो वे लोग तहसील परिसर में जिम्मेदार अधिकारियों के विरोध में बेमियादी धरना शुरू कर देंगे।
प्रदर्शन और नारेबाजी करने वालों में सत्यदेव, रामकुमार, राजेश कुमार, शिवकुमार, कैलाश चंद्र, मदनलाल और रामदेवी समेत काफी किसान शामिल रहे।
किसानों के आक्रोश से बचने के लिए समिति कर्मी भागे
बीसलपुर। तहसील क्षेत्र की 27 में से किसी भी सहकारी समिति में पिछले डेढ़ सप्ताह से खाद नही है। किसानों के आक्रोश से बचने के लिए ग्यासपुर समिति के कर्मचारी शुक्रवार को समिति बंद कर भाग गए।
रोजाना काफी किसान क्षेत्रीय समितियों में खाद लेने जाते हैं और घंटों भटकने के बाद मायूस होकर लौट जाते हैंं। खाद न मिलने के कारण गेहूं की बोआई में अनावश्यक बिलंब हो रहा है। इस अव्यवस्था को लेकर किसानों में जिम्मेदारों के प्रति रोष है। ॉ
जिम्मेदारों के ढुलमुल रवैये के चलते यह स्थिति कब तक बनी रहेगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। खाद न होने के कारण समितियों पर रोजाना ही किसान हंगामा कर रहे हैं। इस वजह से समिति कर्मी काफी परेशान है।
इसी के चलते किसानों के आक्रोश से बचने के लिए ग्यासपुर समिति के कर्मचारी शुक्रवार को सुबह समिति में गए और उपस्थिति पंजिका पर उपस्थिति लगाने के बाद समिति बंद कर भाग गए। इस बावत अपर जिला सहकारी अधिकारी आरपी पांडेय ने बताया कि बहुत जल्द तहसील क्षेत्र की सभी समितियों में भरपूर मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करा दी जाएगी। संवाद
पूरनपुर क्षेत्र की 20 सहकारी समितियों पर नहीं है खाद, किसानों में रोष
पूरनपुर। पूरनपुर और कलीनगर तहसील क्षेत्र की 23 सहकारी समितियों में मात्र हजारा, कबीरगंज, जोगराजपुर समिति पर ही खाद है। अन्य समितियों पर खाद न होने से किसान समितियों के चक्कर लगा रहे है। समितियों में खाद की जानकारी को पहुंचने वाले किसानों को शीघ्र ही खाद आने की जानकारी दी जा रही है।
खाद न मिलने से गेहूं, सरसों, आलू, मटर की बोआई रुकी हुई है। किसानों में रोष है। अपर जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को खाद की रैक लगनी थी। शीघ्र ही समितियों पर खाद भिजवाकर उसका वितरण शुरू करा दिया जाएगा। संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर खड़े खाद लेने पहुंचे किसान।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर खड़े खाद लेने पहुंचे किसान।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर खड़े खाद लेने पहुंचे किसान।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर खड़े खाद लेने पहुंचे किसान।संवाद