माधोटांडा। चांदूपुर गांव के बाद अब टाइगर रिजर्व के जंगल से निकलकर भालू का एक जोड़ा पिपरिया संतोष गांव के पास जा पहुंचा। भालुओं को देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। एकत्र हुए ग्रामीणों ने एक भालू को जंगल की ओर दौड़ा दिया। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया तो वे उन पर हावी हो गए। बाद में पुलिस के पहुंचने पर स्थिति सामान्य हुई। सूचना मिलते ही डीएफओ सामाजिक वानिकी भी मौके पर पहुंचे और शाम होने पर भालू को जंगल खदेड़ने के निर्देश दिए।
माधोटांडा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से भालुओं की दस्तक से ग्रामीण दहशत में है। आबादी के पास पहुंच रहे वन्यजीवों के प्रति ग्रामीण भी खासे आक्रोशित हैं। बुधवार सुबह भी महोफ और बरही रेंज से निकलकर भालू को जोड़ा पिपरिया संतोष गांव के पास जा पहुंचा। बताते है कि भालू माधोटांडा निवासी नरेश सिंह के बाग में चले गए। सुबह करीब पांच बजे गांव से निकले कुछ ग्रामीणों की निगाह दो भालुओं पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। भालू आने की जानकारी लगते ही ग्रामीण लाठी डंडे लेकर भालुओं की ओर दौड़ पड़े और उन्हें दौड़ा दिया। बताते हैं कि इस दौरान एक भालू तो जंगल में भाग गया, जबकि दूसरा भालू आसपास ही कहीं छिप गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सामाजिक वानिकी के वनकर्मियों ने भालू की निगरानी शुरू की। इस बीच कुछ ग्रामीण झाड़ियों में छिपे दूसरे भालू का भी खदेड़ने पर जोर देने लगे। स्थिति बिगड़ती देख वनरक्षक हर्षित मिश्रा मोबाइल फोन से ग्रामीणों का वीडियो बनाने लगे। इस पर ग्रामीण गुस्सा गए। विभाग का आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने वनकर्मियों के साथ अभद्रता की और वनरक्षक का मोबाइल फोन भी तोड़ डाला। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वहां से हटाया। करीब नौ बजे सामाजिक वानिकी के डीएफओ संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में उन्होंने वनकर्मियों से जानकारी ली। वन दरोगा अजमेर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीण भालू को दौड़ाकर पीट रहे थे। समझाने पर वनकर्मियों के साथ अभद्रता की और वीडियो बना रहे वनरक्षक हर्षित मिश्रा का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस मामले में नामजद के अलावा अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी जा रही है।
चांदूपुर गांव के निकट चहलकदमी करने वाला भालू ही रास्ता भटककर पिपरिया संतोष गांव के पास पहुंचा है। विभाग की टीम निगरानी कर रही है। शाम होने पर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा जाएगा। -संजीव कुमार, डीएफओ, सामाजिक वानिकी
दूरी बनाए रहे टाइगर रिजर्व के वनकर्मी
पिपरिया संतोष गांव की सीमा में पहुंचे भालू के जोड़े की निगरानी के लिए सामाजिक वानिकी के वनकर्मी तो मौके पर जुटे रहे, मगर टाइगर रिजर्व की दो रेंज की सीमा नजदीक होने के बाद भी टाइगर रिजर्व के वनकर्मी दूरी बनाए रहे। हालांकि दोपहर बाद बराही रेंज के दो वनकर्मी मौके पर पहुंचे।