बदायूं की संक्रमित महिला का 18 मई को किया था अल्ट्रासाउंड
बरेली। कोरोना का खतरा शहर में और भयावह हो रहा है। अब रामपुर बाग में अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने वाले एक डॉक्टर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। आईवीआरआई से मंगलवार देर रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के साथ आईएमए में भी हड़कंप है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम के मुताबिक संक्रमित मिले डॉक्टर के रामपुर बाग में अल्टासाउंड सेंटर पर 18 मई को बदायूं की एक गर्भवती महिला अल्ट्रासाउंड कराने आई थी और फिर बदायूं लौट गई। इस महिला के संक्रमित होने की आशंका में बदायूं से ही उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। 22 मई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो बदायूं के डीएम ने बरेली के सीएमओ को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद सीएमओ के निर्देश पर डॉक्टर का सैंपल 22 मई को ही जांच के लिए आईवीआरआई भेजा गया था जिसकी अब पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। एसीएमओ ने बताया कि डॉक्टर पांच दिनों से क्वारंटीन थे। उनका परिवार भी होम क्वारंटीन है। अब डॉक्टर को कोविड-19 लेवल-2 के मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा।