बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद पिता-पुत्र को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक सज्जन खां के परिवार में अब उनका बड़ा पुत्र कामरान ही बचा है।
परिवार को टूटा दुखों का पहाड़
पिता और पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर नताशा गोयल पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं। सुनगढ़ी और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर ने बताया कि हादसा दुखद है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
चंद मिनट पहले ही बस से उतरे थे 50 से अधिक बराती
हादसे से करीब 10 मिनट पूर्व ही 50 से अधिक बराती गांव पहुंचने के बाद बस से नीचे उतरे थे। इसके बाद ही हाई टेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा और हादसा हो गया। गनीमत रही की अधिकांश लोग बस से उतर गए थे नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था।