फसल में कोई रोग लगा अथवा कीट की प्रकोप से फसल प्रभावित हो रही है। किसानों को इसके बचाव और नियंत्रण की जानकारी लेने के लिए किसी विशेषज्ञ के पास जाने की जरूरत नहीं है। कृषि विभाग के फोन नंबरों पर एसएमएस अथवा व्हाट्सअप भेजकर खेती संबंधी समस्याओं का हल जाना जा सकता है। इसके लिए कृषि विभाग ने पीसीएसआरएस योजना शुरू की है।
कृषि विभाग के रक्षा अनुभाग ने किसानों की फसलो में लगाने वाली बीमारियों से निजात दिलवाने के लिये सहभागी फसल निगरानी एवं निदान प्रणाली (पीपीएसआरएस) प्रारंभ की है। इस योजना के तहत दो मोबाइल नंबर 9452247111, 9452257111 जारी किए गए हैं। इन पर एसएमएस अथवा व्हाट्सअप के माध्यम फसल में लगने वाले कीट/रोग की समस्याओं को भेजकर पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। योजना के सफलता क्रियान्वयन के लिए लखनऊ में सर्विलांस सेल गठित कर कंप्यूटर लगाए गए हैं। किसान द्वारा अपनी समस्या का संदेश भेजने के दो दिन के अंदर उसका समाधान किसान के फोन पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
ऑनलाइन भी दर्ज करा सकते हैं समस्या
मोबाइल पर मैसेज अथवा व्हाट्सअप के साथ साथ किसान कृषि विभाग की बेवसाइट (यूपीएग्रीकल्चर डॉट काम) पर भी अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। बेवसाइट खोलने पर पीसीएसआरएस का आइकॉन आएगा। इस पर क्लिक कर अपनी समस्या एवं उससे संबंधित फोटो भी भेजे जा सकते हैं।
किसानों को कीट बीमारियों की जानकारी देने के लिए विभाग ने पीसीएसआरएस योजना शुरू की है। किसान भाई मोबाइल पर मैसेज अथवा व्हाट्सअप कर समस्या का निदान करा सकते हैं।
- डॉ. अवधेश मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी