जिले में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तक जारी रही। इससे गर्मी से व्याकुल लोगों ने तो अवश्य राहत मिली, लेकिन कुछ स्थानों पर कुछ देर हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। वहीं धान की रोपाई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिले दिखाई दिए।
प्री मानसूनी बारिश ने यूं तो करीब पखवाड़ा भर पूर्व ही दस्तक दे दी थी, लेकिन छिटपुट बारिश से न तो गर्मी से त्रस्त लोगों का ही भला हो सकी और न ही बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का। उधर, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जिससे पिछले चार-पांच दिनों में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को काफी सुकून तो मिला, लेकिन निचले स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को दिक्कतें भी उठानी पड़ीं। करीब बीस मिनट हुई मूसलाधार बारिश से शहर की कुछ कालोनियों और मोहल्लों में काफी पानी भर गया। वहीं निचले स्थानों पर बसे मोहल्लों में भी भारी जलभराव हो गया। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक हुई छिटपुट बारिश से रेलवे स्टेशन, रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा।
किसानों के चेहरों पर दिखी रौनक
जिले में अब तक करीब तीन चार बार बारिश हो चुकी है, लेकिन इससे किसानों का भला नहीं हो पा रहा है। बारिश को लेकर नाउम्मीदी जता चुके किसानों ने पंपसेटों के जरिए सिंचाई करना शुरू कर दी थी, लेकिन मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। बारिश के दौरान ही किसानों ने धान की रोपाई तेज कर दी। किसानों के मुताबिक बारिश होने से धान की रोपाई तेजी आएगी। वहीं खड़ी गन्ने की फसलों का भी खासा फायदा होगा।
मजदूर पेशा के लिए बारिश बनी मुसीबत
मंगलवार को हुई बारिश मजदूर पेशा लोगों के लिए मुसीबत बन गई। सुबह सवेरे काम की तलाश में निकले मजदूरों को निराशा ही हाथ लगी। मंडी समिति में तमाम मजदूर हाथ पर हाथ धरे बैठे देखे गए।
पूरनपुर। नगर सहित क्षेत्र में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश से किसानों के चेहरे खिले देखे गए। बारिश से मोहल्ला कायस्थान धानुकों वाली गौटिया, पूरनपुर देहात के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। ब्लाक कार्यालय विद्युत उपकेंद्र, बीआरसी कार्यालय और कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को आवागमन में भारी असुविधा हुई। झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले देखे गए।
बीसलपुर। मंगलवार को हुई बारिश से नगर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। पानी उतरने के बाद ही आवागमन शुरू हो सका। बारिश होने से किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। खेतों में खड़ी गन्ने की फसल व धान की पौध को काफी फायदा हुआ है। धान की रोपाई का कार्य भी तेजी से शुरू कर दिया गया।
मझोला। मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। क्षेत्र में करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। बारिश होने से किसानों ने धान की रोपाई तेजी से शुरू कर दी।