पूरनपुर। जटपुरा गांव के गन्ना खरीद केंद्र पर किसानों को गन्ना तुलवाने के लिए कई दिन का इंतजार करना पड़ता है। आरोप है कि ठेकेदार और क्रय केंद्र इंचार्ज से सांठगांठ कर धर्मकांटा से गन्ना से भरे वाहनों को तुलवाकर सीधे ठेकेदार के ट्रॉलों में गन्ना लाद देते हैं। इसके विरोध में गन्ना किसानों ने खरीद केंद्र पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। साथ ही समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
अपनी मांग को लेकर रविवार को खरीद केंद्र पर एकत्र हुए किसानों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि कुछ दबंग गन्ना किसान खरीद केंद्र पर गन्ना न तुलवाकर धर्मकांटा से गन्ना को तुलवाकर सीधे ठेकेदार के ट्रॉला में गन्ना लाद देते हैं। ऐसे में उन लोगों के गन्ना की तौल की बारी कई दिनों तक नहीं आती है। गन्ना से भरे वाहन कई दिन खड़े करने पड़ते हैं। प्रदर्शनकारियों ने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर चीनी मिल पहुंचकर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। प्रधान पति अमित शाह ने बताया कि घपलेबाजी की जानकारी कई बार चीनी मिल के जीएम को दी। मगर घपलेबाजी न रुकने पर आम किसान परेशान हैं।
जटपुरा खरीद केंद्र पर कुछ लोग गड़बड़ी कर रहे हैं। इसकी जानकारी पर खरीद केंद्र पर दो बार पहुंचकर स्थिति सुधार की चेतावनी ठेकेदार और कर्मचारियों को दी गई। मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में डालकर कार्रवाई कराई जाएगी।
- असीम मिश्र, जीएम चीनी मिल