बीसलपुर। तौल न हो पाने से किसान सहकारी चीनी मिल के केनयार्ड में गन्ना लेकर पहुंचे किसान मंगलवार को दूसरे दिन भी परेशान हुए। सफाई के नाम पर तौल बंद होने से गन्ना भरे वाहन चार दिन से मिल के केनयार्ड में खड़े हैं।
किसान सहकारी चीनी मिल के अधिकारियों ने 20 जनवरी की शाम सफाई के लिए मिल बंद करने की घोषणा की थी। सुबह गन्ना भरे काफी वाहन आ गए। मिल के अधिकारियों का मकसद था कि केनयार्ड में आया सारा गन्ना तौलने के बाद 20 जनवरी को देर रात मिल बंद कर दी जाएगी। मिल अधिकारी अपनी इस योजना पर अमल करते इससे पहले ही सोमवार को सुबह मिल के कारखाने में कोई तकनीकी खराबी आ गई और मिल बंद हो गई।
इसके बाद मिल के अभियंत्रण अनुभाग के अधिकारी कर्मचारी खराबी सही करने में जुट गए और अन्य कर्मचारी सफाई करने में लग गए। सफाई कार्य अभी चल रहा है। इस वजह से केनयार्ड में खड़े करीब 200 गन्ना भरे वाहन खड़े हैं।
गन्ना की तौल न हो पाने के कारण किसान सोमवार को भी परेशान होते रहे और मंगलवार को भी परेशान होते रहे। इस बाबत मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि केनयार्ड में 160 गन्ना भरे वाहन खड़े हैं। बुधवार को सुबह मिल चल जाएगी और केन यार्ड में खड़े गन्ने को प्राथमिकता के आधार पर तौल लिया जाएगा।