बीसलपुर के गांव जोगीठेर की सहकारी समिति का बदहाल परिसर।संवाद
- गांव जोगीठेर की साधन सहकारी समिति से जुड़े हैं कई गांवों के किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। विभागीय अनदेखी के चलते गांव जोगीठेर की साधन सहकारी समिति का परिसर काफी समय से बदहाल है। इससे समिति में आने वाले किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिम्मेदार अधिकारियों को इस संबंध में कई बार अवगत कराने के बावजूद व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो पा रहीं हैं।
गांव की साधन सहकारी समिति से आसपास के कई गांवों के किसान जुड़े हुए हैं। रोजाना बड़ी संख्या में किसान समिति में संबंधित सुविधाएं प्राप्त करने आते हैं। विभागीय अनदेखी के चलते समिति का परिसर काफी बदहाल स्थिति में है। कई जगह बारिश का पानी भरा हुआ है। परिसर ऊबड़-खाबड़ भी है। इससे समिति में आने वाले किसानों को काफी दिक्कत होती है।
किसानों ने विभागीय अधिकारियों से समस्या के बारे में कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। सहायक विकास अधिकारी लाल सिंह ने बताया कि समिति सचिव भरत गंगवार को इस समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दे दिए गए हैं।