पीलीभीत। आवास विकास कॉलोनी में 60 वर्षीय बुजुर्ग की उसके ही बेटे द्वारा हत्या किए जाने की सूचना के बाद खलबली मच गई। कोतवाली पुलिस बताए गए स्थान पर पहुंची तो मकान में ताला लटका मिला और परिवार वाले गायब थे। आसपास के लोगों से भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी तो पुलिस लौट गई। असलियत जानने को अब परिवार वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
घटना रविवार रात 12 बजे के बाद की है। पुलिस को कॉल कर एक व्यक्ति ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी में पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया था। इसी में बेटे ने कोई भारी चीज पिता के सिर पर मार दी, जिससे मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस आवास विकास कॉलोनी पहुंची। कॉल करने वाले व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर एक मकान पर पहुंची, मगर वहां ताला लटका मिला। चूंकि मामला हत्या से जुड़ा बताया गया था, इसलिए पुलिस ने आसपास के लोगों से संपर्क कर हकीकत जानने की कोशिश की। कई लोगों ने झगड़ा होने की बात तो बताई, मगर कोई खुलकर सामने नहीं आया। मकान बंद करके चले गए परिवार के लोगों से भी पुलिस का कोई संपर्क नहीं हो सका। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि सूचना पर पुलिस भेजी गई थी, मगर घर पर ताला लगा मिला। अब न तो कोई शव मिला है, न ही कोई शिकायत करने सामने आया। ऐसे में पता लगाया जा रहा है। इसके लिए टीम लगाई गई है, अगर कुछ निकलकर आता है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।