मझोला। विदेश भेजने के नाम पर युवक के साथ 11 लाख रुपये की ठगी की गई। एयरपोर्ट पहुंचने पर फर्जी वीजा होने की बात सामने आई। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने धमकी देनी शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर न्यूरिया पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम मझारा निवासी जगजीत सिंह ने न्यूरिया थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मार्च माह में उसने इंस्टाग्राम पर इन्फिनिटी इमिग्रेशन नामक पेज देखा। जिसके माध्यम से उनकी बातचीत एजेंट सुरजीत सिंह और कुंवरदीप सिंह अरोड़ा निवासी वार्ड नंबर तीन, जनता बैंक्वेट हाल, सिविल लाइन बौंटिया पड़ाव, थाना हल्द्वानी से हुई।
दोनों एजेंट फोन से संपर्क करने के बाद उसके घर आए और उसे विदेश भेजने का भरोसा दिया। उसका पासपोर्ट और तीन लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद 16 जुलाई 2024 को बैंक के माध्यम से उसने पांच लाख रुपये और एजेंटों को ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद तीन लाख रुपये फिर लिए गए।
वीजा लगने की बात कहकर टिकट बुक कराने के लिए कहा गया। इसपर उसने टिकट बुक करा ली। एयरपोर्ट पहुंचने पर वीजा फर्जी होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। रुपये मांगने पर आरोपियों ने धमकी दी। न्यूरिया पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यूएसए भेजने के नाम पर पांच लाख की ठगी
गजरौला। यूएसए भेजने के नाम पर आरोपी ने गांव पिपरिया करम निवासी पीड़ित से 25 लाख रुपये जमा करा लिए। बाद में यूएसए की जगह यूरोप का वीजा दे दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर प्रवेश न मिलने पर पीड़ित ने घर लौटकर आरोपी के पिता से संपर्क किया। इस पर उसने 20 लाख रुपये लौटा दिए। शेष रकम आरोपी ने हड़प ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम पिपरिया करम निवासी लवप्रीत सिंह ने गजरौला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि पूरनपुर के रूदपुर गांव निवासी एजेंट प्रदीप सिंह ने उसे यूएसए भेजकर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। खर्च के रूप में 25 लाख रुपये देने की बात कही। विश्वास कर उसने पासपोर्ट और 25 लाख रुपये उसे दे दिए।
आरोप है कि यूएसए न भेजकर उसका इंग्लैंड भेजने का वीजा लगाया गया, जो कुछ समय बाद निरस्त हो गया। इसके बाद आरोपी ने यूरोप का वीजा लगाया। दिल्ली पहुंचने पर उसे एयरपोर्ट पर प्रवेश नहीं मिला। इस पर उसने आरोपी के पिता गुलजार सिंह से बातचीत की तो उसने 20 लाख रुपये लौटा दिए। कई दिन टालमटोल करने के बाद भी पांच लाख रुपये नहीं लौटाए गए। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। संवाद