पीलीभीत। दो दिन पहले घर के बाहर खेलते वक्त लापता हुई दस साल की छात्रा को उसके पिता ने ही पड़ोसी को फंसाने के लिए छिपा दिया था। फिर अपहरण की झूठी कहानी रची गई थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्रा तीसरे दिन घर पहुंची। पुलिस ने छात्रा से पूछताछ की। अब उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इधर छात्रा का पिता फंसने के डर से घर से भाग गया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के राजीव कॉलोनी निवासी अजय कुमार कश्यप की दस वर्षीय बेटी सलोनी कॉलोनी के निजी स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे छात्रा कॉलोनी के बच्चों के साथ खेलते वक्त लापता हो गई। इस पर परिवार वाले उसकी तलाश में लग गए। छात्रा के पिता ने अपने पड़ोसी पर रंजिश के चलते छात्रा का अपहरण करने का आरोप लगाया था। पुलिस पिता की तहरीर पर अज्ञात पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। मगर उसका कोई पता नहीं चला।
इधर, छात्रा का पिता उसकी तलाश करने के बजाए अपनी ड्यूटी पर चला गया। इस पर पुलिस को कुछ शक हुआ। रविवार सुबह छात्रा खुद ही घर आ गई। मां ने बेटी को देखा तो शोर मच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। छात्रा से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पिता ही पूरनपुर के पिपरिया गांव में अपनी मौसेरी बहन उर्मिला के घर छोड़कर आए थे। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि छात्रा मिल गई है। उसके पिता की पड़ोसी से रंजिश चलती है। उसे फंसाने के लिए अपहरण की झूठी कहानी रची थी। छात्रा के कोर्ट में बयान कराने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।