पीलीभीत जिले में पुलिस ने जाली करेंसी के साथ अंतरराज्यीय गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 2.90 लाख रुपये की नकली करेंसी और नोट छापने की मशीन समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए। आरोपी बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं के रहने वाले हैं। मामले में बरखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सोमवार देर शाम एएसपी विक्रम दहिया ने घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
एएसपी ने बताया कि सोमवार को बरखेड़ा थाने एसएसआई महेंद्र सिंह टीम के साथ चेकिंग अभियान में जुटे थे। इस दौरान थाना क्षेत्र के रपटा पुल के पास से चार व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रिजवान निवासी ग्राम दीपपुर थाना खुदागंज जनपद शाहजहांपुर, खलील अहमद निवासी ग्राम व थाना दातागंज जनपद बदायूं, अब्दुल सत्तार निवासी मोहल्ला नजरपुर कस्बा व थाना तिलहर जनपद शाहजहांपुर व फरियाद निवासी ग्राम भगवन्तापुर थाना फरीदपुर जनपद बरेली बताया। रिजवान के पास से 50 हजार, खलील के पास से 40 हजार, अब्दुल सत्तार के पास से 1.60 लाख रुपये व फरियाद के पास से 40 हजार रुपये सहित कुल 2.90 लाख की जाली करेंसी बरामद की गई।
कलर प्रिंटर, रिम कागज समेत उपकरण बरामद
आरोपियों के पास से एक बाइक के अलावा नोट छापने के उपकरण बरामद हुए। इसमें एक लैपटाप, एक प्रिंटर, एक पेपर कटर, एक पैमाना, चार चमकदार हरा टेप, दो ब्लेड, एक कैची, रबर बैंड, दो प्रिंटर कलर की सीसी, एक चिमटी, एक खुला रिम कागज, तेरह पेज भारतीय करेंसी छपे हुए, छह मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।