पीलीभीत। राह चलती युवती और महिलाओं पर फब्तियां कस रहे शोहदे को गश्त पर निकली एंटी रोमियो टीम ने धर दबोचा। पीड़िताओं ने बदनामी के डर से तहरीर देने से इनकार कर दिया तो पुलिस ने अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज की। फिर शोहदों को जेल भेज दिया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत इन दिनों एंटी रोमियो टीम को शोहदों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार शाम सुनगढ़ी थाने की एंटी रोमियो टीम प्रभारी दरोगा कुसुमलता शर्मा महिला सिपाहियों के साथ गौहनिया चौराहा पर थीं। इस बीच चिड़ियादाह गांव निवासी रहीस पुत्र मुन्ने मार्ग से गुजर रही युवतियों और महिलाओं पर फब्तियां कस रहा था। कुछ युवतियों ने विरोध भी किया, लेकिन शोहदा नहीं माना। नजर पड़ते ही टीम ने शोहदे को पकड़ लिया। खुद को फंसता देख शोहदे ने माफी मांगना शुरू कर दी। टीम उसे पकड़कर सुनगढ़ी थाने लाई और कार्रवाई की।
इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि एंटी रोमियो टीम प्रभारी की तरफ से फब्तियां कसने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मंगलवार को शोहदे को जेल भेज दिया गया है।
किशोरी से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज
पूरनपुर। क्षेत्र के एक व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। इस बीच गांव मुरादपुर निवासी दिलीप घर में घुस आया और बेटी से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी धमकी देकर भाग गया। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद