पीलीभीत। नगरपालिका परिषद बीसलपुर में स्ट्रीट लाइट खरीद में अधिशासी अधिकारी का घोटाला सामने आया है। बाजार की कीमत से ऊंचे दामों पर एलईडी खरीदी गईं। वहीं इंटरलॉकिंग और कूड़ा कलेक्शन सेंटर का निर्माण में भी सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। जांच में पूरा मामला सामने आने के बाद डीएम ने अधिशासी अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेज दी है।
अवर अभियंता जिला पंचायत और जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सत्यापन कराया गया। जांच में पाया गया कि एलईडी स्ट्रीट लाइट सेट 30, 45, 75 एवं 90 वॉट के एस्टीमेट रेट अधिक दर्शाए गए। जब ऑनलाइन दामों को चेक कराया गया तो इसमें काफी अंतर मिला। सिर्फ इतना ही नहीं स्ट्रीट लाइट खरीद के लिए एक ही कंपनी बजाज की सिंगल कुटेशन से की गई। किसी अन्य कंपनी का कुटेशन नहीं लिया। इसके अलावा इंटरलॉकिंग के कामों में घपलेबाजी हुई। खरीद ज्यादा ईंटों की दिखाई गई। मौके पर कम ईंटें आईं।
कूड़ा कलेक्शन के लिए बिलसंडा रोड चीनी मिल के पास कूड़ा कलेक्शन सेंटर का निर्माण कराया गया। मौके पर लंबाई और चौड़ाई ड्रांइग के अनुसार सही पाई गई। अधिशासी अधिकारी बीसलपुर द्वारा कराए कार्यों में वित्तीय गड़बड़ी सामने आई। डीएम ने अधिशासी अधिकारी बीसलपुर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी है।