जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 2.10 लाख बच्चे जल्द ही नई खाकी रंग की यूनिफार्म में नजर आएंगे। शासन ने 30 अगस्त तक विद्यालयों में यूनिफार्म वितरित कराने के निर्देश दिए हैं।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत सरकारी व सहायता प्राप्त माध्यमिक, बेसिक विद्यालयों व मदरसों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को हर साल दो जोड़ी नि:शुल्क यूनिफार्म दिए जाने की व्यवस्था है। इस बार भी शासन ने शैक्षिक सत्र 2016-17 में बच्चों को नि:शुल्क यूनिफार्म वितरण के आदेश दिए हैं। इसके तहत जिले में इस बार कक्षा एक से आठ तक में पढ़ने वाले करीब 2.10 लाख बच्चों को दो सेट नि:शुल्क यूनिफार्म वितरित की जाएगी। इसको लेकर प्रमुख सचिव आलोक रंजन ने आदेश जारी किए हैं। जारी शासनादेश के मुताबिक यूनिफार्म वितरण विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से 15 जुलाई से 30 अगस्त तक किया जाएगा। छात्रों को खाकी रंग की कमीज, खाकी पैंट व टाई वहीं छात्राओं को खाकी कुर्ता, इसी रंग की सलवार व दुपट्टा दिया जाएगा। एक बच्चे को यूनिफार्म के दो सेट मिलेंगे। एक बच्चे पर सरकार 400 रुपये खर्च कर रही है।
इन निर्देशों का करना होगा पालन
- यूनिफार्म खरीद को बनेगी चार सदस्यीय क्रय समिति।
- कपड़े की गुणवत्ता भी तय करेगी क्रय समिति।
- 20 हजार से एक लाख तक के व्यय कोटेशन व उससे अधिक की खरीद पर अपनाई जाएगी टेंडर प्रक्रिया।
- रेडीमेड ड्रेस बांटने पर जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज।
शासन के निर्देशानुसार स्कूलों में 15 जुलाई से 30 अगस्त तक निशुल्क यूनिफार्म वितरित की जानी है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से इस बाबत सूचनाएं मांगी गई हैं।
- अंबरीष कुमार यादव, बीएसए