अमरिया। बरेली-हरिद्वार हाईवे पर अतिक्रमण के कारण कस्बे में लगने वाला जाम मुसीबत बन गया है। यहां वाहन सवारों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। सोमवार को भी आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। इस दौरान राहगीर काफी परेशान रहे।
कस्बे में सड़क के दोनों ओर बना नाला लगभग दो फुट ऊंचा है। बीच में डिवाइडर भी बनाया गया है। नाला निर्माण के समय दुकानों और नाले के बीच करीब 10 से 15 फुट चौड़ा फुटपाथ छोड़ा गया था, लेकिन दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया। अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानों का सामान नाले तक और कई स्थानों पर सड़क तक लगा रहे हैं। इसके अलावा ठेला लगाने वाले भी सड़क किनारे कब्जा जमाए रहते हैं। सोमवार शाम करीब चार बजे ब्लॉक कार्यालय के सामने उस समय स्थिति बिगड़ गई, जब एक ट्रक थाने वाले मार्ग की ओर मुड़ने लगा। कुछ ही देर में दर्जनों वाहन जाम में फंस गए। आधे घंटे से अधिक समय तक वाहन जाम में फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को इधर-उधर कर जाम खुलवाया। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संवाद