पीलीभीत। होली पर नगर पालिका प्रशासन ने 44 घंटे पेयजल आपूर्ति तो बिजली निगम ने बिजली व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। इस पर शहरवासियों को किसी तरह की असुविधा न होने का दावा किया जा रहा है।
शहर के 27 वार्डों में 49 मोहल्ले हैं। होली पर्व पर सुबह से लेकर देर रात तक पानी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। रंग खेलने, साफ-सफाई व अन्य घरेलू जरूरतों के लिए पानी अधिक खपत होती है। नगर पालिका के जलकल विभाग ने होली पर्व पर 44 घंटे लगातार जलापूर्ति की योजना तैयार की है। दो दिन में 3.50 करोड़ लीटर पानी आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। शहर के 70 से 80 प्रतिशत मोहल्लों में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना पर काम किया गया है। नगर पालिका के जलकल प्रभारी तारिक ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी क्षेत्र में जल संकट की शिकायत न आए। इसके लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। मोटर, पाइपलाइन और बिजली आपूर्ति की पूर्व जांच कर ली गई है। संवाद
सिर्फ चार ओवरहेड टैंक परिसर में ही जनरेटर का इंतजाम
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि होली पर्व पर सामान्य दिनों की अपेक्षा छह घंटे अतिरिक्त जलापूर्ति की जाएगी। सामान्य दिनों में पेयजल आपूर्ति 16 घंटे की जाती है। इसे बढ़ाकर 22 घंटे किया गया है। इसके लिए शहर में चार ओवरहेड टैंक परिसर में लगे जनरेटर को दुरुस्त कराया गया है। नकटादाना, टीवी टॉवर, मीना बाजार व वाटर बॉक्स परिसर में जनरेटर का इंतजाम है। हालांकि शहर के तीन ओवरहेड टैंक परिसर में जनरेटर नहीं है। नगर पालिका ने बिजली निगम से सामंजस्य बैठाने की बात भी कही है।
अतिरिक्त व्यवस्था में रहेंगे पानी के टैंकर
नलकूप से पेयजल आपूर्ति के साथ ही नगर पालिका ने पानी के टैंकर खड़े करने की योजना भी बनाई है। होली खेलने व अन्य पानी की जरूरतों के लिए नगर पालिका की ओर से 11 टैंकर सार्वजनिक स्थानों पर खड़े किए जाएंगे। टैंकर को गौरीशंकर मंदिर, यशवंतरी मंदिर, काला मंदिर सहित अन्य स्थानों पर खड़ा किया जाएगा।
शहर में पंप हाउस और ओवरहेड टैंक
27 वार्ड हैं नगर पालिका पीलीभीत में, 49 मोहल्ले हैं शहर में, 17 नलकूप है शहर में, 07 ओवरहेड टैंक बने हैं, 04 ओवरहेड टैंक परिसर में लगे हैं जनरेटर, 03 ओवरहेड टैंक परिसर से आपूर्ति रहे बिजली के भरोसे।
-
शहर में होली पर जलापूर्ति बाधित न हो, इसके लिए योजना बनाई गई है। दो दिन में 44 घंटे जलापूर्ति दी जाएगी। कहीं समस्या आने पर तुरंत टीम भेजकर समाधान कराया जाएगा। - संजीव कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद
-
बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए खाका तैयार, आठ टीमें करेंगी निगरानी
पीलीभीत। होली पर बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। इसके लिए विभागीय अफसरों की ओर से खाका तैयार किया गया है। आठ टीमों में तैनात 24 लोग त्योहार पर ड्यूटी कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था मिल सकेगी।
शहर में आए दिन हो रहे बिजली फॉल्ट से शहर के कई मोहल्लों में घंटों आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। होली के पर्व पर किसी उपभोक्ता को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। इसको लेकर अफसरों की ओर से निर्देश जारी किए गए है। इसमें निर्देश दिए गए है कि शहर के किसी इलाके में आपूर्ति प्रभावित होने पर संबंधित अफसर तत्काल वहां की आपूर्ति को ठीक करें। इसको लेकर अफसरों की ओर से खाका तैयार कर लिया गया है। ऐसे में शहर के खकरा, साहूकारा, तहसील चौराहा, बेनी चौधरी, अशरफ खां, एकता नगर, संजय रायल पार्क, होली चौराहा, गैस चौराहा नखासा, रंगीलाल, अग्रवाल सभा, देशनगर, आईटीआई कॉलेज चौराहा सहित 20 स्थानों को चिह्नित किया गया है। इन इलाकों में आठ टीमों में तैनात 24 लोग विशेष निगरानी करेंगे। इसके अलावा अन्य इलाकों में भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने में मदद करेंगे।
एसडीओ मनोज यादव ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके। इसके लिए टीमों का गठन किया गया। पर्व पर आठ टीमें शहर में सक्रियता के साथ काम करेंगी। संवाद