पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवासों के सत्यापन में ड्यूटी लगाए जाने का विरोध करते हुए जिले के कुछ एडीओ पंचायत ने बृहस्पतिवार को सीडीओ से मुलाकात की। बताया कि सत्यापन में ड्यूटी से विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। फरियादी भी चक्कर काट रहे हैं।
जिले के कई एडीओ पंचायत ने सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास से मुलाकात की। बताया कि वे लोग आईजीआरएस, पंचायत सचिवालय निगरानी, ब्लॉक स्तर पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण सहित करीब 14 विभागीय कामकाज देखते हैं।
मौजूद समय में प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना में उनकी सत्यापन कार्य में ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसे में विभागीय कामकाज में समस्या आती है। रोजाना घंटों गांवों में सर्वे के लिए घूमना पड़ता है। उनके स्तर से होने वाले काम के लिए ब्लॉक पहुंचने वाले फरियादियों को कई-कई दिन चक्कर लगाने पड़ते है।
सभी ने पत्र देकर ड्यूटी हटाए जाने की मांग की। पत्र देने वालों में मरौरी के एडीओ पंचायत मेहरवान सिंह राणा, अमरिया के एडीओ पंचायत अतुल कुमार पाठक, पूरनपुर के एडीओ पंचायत अजय कुमार देवल और ललौरीखेड़ा ब्लॉॅक के एडीओ पंचायत इज्जत अली सहित अन्य लोग शामिल रहे।