पीलीभीत। स्कूल चलो अभियान के तहत नए शैक्षिक सत्र में नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलाए गए पहले चरण में जिले भर में 17 हजार बच्चों का नामांकन किया गया है।
ब्लॉकवार आंकड़ों के अनुसार, मरौरी में 2,850, ललौरीखेड़ा में 2,400, अमरिया में 2,650, बीसलपुर में 2,550, बरखेड़ा में 2,300, बिलसंडा में 2,100 और पूरनपुर में 2,150 बच्चों का पंजीकरण किया गया। शिक्षा विभाग अब नामांकन संख्या को और बढ़ाने के लिए सक्रिय है। इसके तहत शिक्षकों की टीमें ऐसे बच्चों को चिन्हित कर रही हैं, जो किसी कारणवश स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
जिला समन्वयक सचिन चौधरी ने बताया कि आने वाले दिनों में नामांकन का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। विभाग का लक्ष्य है कि हर बच्चे तक शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसकी समीक्षा भी की जा रही है। संवाद