मार्च 2021 तक इन मार्गों पर विद्युतीकरण का काम पूरा करने का है लक्ष्य
विज्ञापन
आज से शाही और पीलीभीत के बीच विद्युत लाइन डालने का शुरू होगा काम
पीलीभीत। टनकपुर और बरेली मार्ग पर विद्युतीकरण का कार्य तेजी पकड़ने लगा है, जबकि शाहजहांपुर मार्ग पर काम अधर में है। आज बरेली रूट पर शाही और पीलीभीत के बीच विद्युतीकरण का काम होगा। रेल अफसरों के मुताबिक, मार्च 2021 तक इस मार्ग पर विद्युतीकरण का काम पूरा करने का लक्ष्य है।
आमान परिवर्तन के बाद रेल यात्रियों को इलेक्ट्रिक ट्रेन का तोहफा देने के लिए रेलवे ने पीलीभीत-टनकपुर रूट के 62.2 किलोमीटर तक नोएडा की ग्रीन पॉवर इंटरनेशनल कंपनी को विद्युतीकरण की जिम्मेदारी सौंपी थी। मई के अंत में इस कंपनी ने काम भी शुरू करा दिया। अभी करीब 50 प्रतिशत काम हो भी चुका है। हालांकि पीलीभीत जंक्शन पर बन रहे मेन पावर हाउस का काम काफी धीमी गति से चलने के कारण अभी दस प्रतिशत भी पूरा नहीं हो सका है। कंपनी के अधिकारी काम जल्द पूरा करने की बात कह रहे हैं।
उधर, बरेली-पीलीभीत रूट पर रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) का काम चल रहा। बरेली से शाही तक विद्युतीकरण का 60 प्रतिशत तक काम हो चुका है। इस रूट से पीलीभीत-शाही तक पोल लगाने का काम भी अंतिम चरण में है। सोमवार से शाही और पीलीभीत के बीच विद्युत लाइन डालने का काम शुरू होगा। शाहजहांपुर रूट पर अब तक विद्युतीकरण शुरू नहीं हो सका है। इस रूट पर असम हाईवे पर काफी पुराना ओवरब्रिज बना हुआ है। इसकी ऊंचाई कम होने को लेकर आ रही दिक्कत भी मुख्य वजह मानी जा रही है। फरवरी 2020 में ब्राडगेज का निरीक्षण करने पहुंचे रेल संरक्षा आयुक्त ने भी इस ओवरब्रिज की ऊंचाई कम होने की बात कही थी। इस संबंध में रेल अफसर भी कुछ नहीं बोल रहे हैं।
टनकपुर और बरेली रूट पर विद्युतीकरण का काम तेजी से चल रहा है। शाहजहांपुर रूट पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। 2023 तक पूरी डिवीजन में विद्युतीकरण काम पूरा करने का लक्ष्य है। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर मंडल