पीलीभीत। लंबे इंतजार के बाद जनपद में बिजली थाना शुरू हो गया। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। बिजली चोरी से जुड़े मामलों की एफआईआर दर्ज करने समेत अन्य कार्रवाई अब बिजली थाने से ही होगी। हालांकि अभी शुरुआत में काम को गति नहीं दी जा सकी है।
बिजली चोरी की बढ़ती समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला मुख्यालय पर बिजली थाना बनाकर काम कराने की मुहिम शुरू की गई थी। शासन से दो साल पहले इसे लेकर दिशा निर्देश दिए गए थे। इसके बाद जनपद में भी बिजली थाना बनाने को काम तेज कर दिया गया था। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने इसके लिए जगह की तलाश की। फिर रामलीला सब स्टेशन परिसर में बिजली थाना बनाकर बीते साल तैयार कर दिया गया था। थाने के लिए कंप्यूटर, मेज कुर्सी समेत अन्य तमाम संसाधन भी जुटा लिए गए थे। स्टाफ न मिलने की वजह से अभी तक बिजली थाना की शुरूआत नहीं हो सकी थी। इसे लेकर शासन स्तर पर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने शासन स्तर पर पत्राचार किया। अब जाकर उन्हें स्टाफ भी मिल गया। इसके बाद आखिर बिजली थाना शुरू कर दिया गया है। अब जिले भर में बिजली चोरी के मामले पकड़ने के बाद की पूरी कार्रवाई यहीं से कराई जाएगी। बिजली चोरी की एफआईआर भी दर्ज होना शुरू हो गई हैं।
थाना प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों की तैनाती
बिजली थाना में स्टाफ के तौर पर थाना प्रभारी, एक सब इंस्पेक्टर, सात हेड कांस्टेबल, तीन कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पावर कॉरपोरेशन की ओर से संविदाकर्मी कंप्यूटर ऑपरेटर भी रखा गया है।
यह मिलेगा फायदा
पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि बिजली थाना अलग बनने से काफी लाभ होगा। आमतौर पर छापामारी करने के लिए अब तक पुलिस के अधीन रहना पड़ता था। अब बिजली थाना के स्टाफ को साथ ले जाकर कार्रवाई की जाएगी। थानों पर स्टाफ किल्लत का बहाना बनाकर की जाने वाली टालमटोल से छुटकारा मिल गया है। बिजली चोरी पकड़े जाने पर एफआईआर कर कार्रवाई होगी। सूचना मिलने पर सीधे एक्शन लिया जा सकेगा।
बिजली थाने को स्टाफ मिल गया है। अब बिजली चोरी से जुड़ी एफआईआर बिजली थाने पर ही दर्ज कराई जा रही हैं। इसे बेहतर ढंग से संचालित कर बिजली चोरी पर शिकंजा कसा जाएगा। - अतुल कुमार, एसडीओ
चार घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी, रिपोर्ट दर्ज
बरखेड़ा। पावर कॉरपोरेशन के जेई साबिर खां ने बताया कि 20 अगस्त को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान पतरसिया गांव निवासी पप्पू गुप्ता, झाझनलाल, सुमनबाबू और अनीता के घर बिजली चोरी पकड़ी गई थी। चारों आरोपियों के खिलाफ बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। संवाद