बीसलपुर। विद्युत उपकेंद्रों में जलभराव के चलते बृहस्पतिवार को भी तहसील क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था ठप रही, जिससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतें हुईं।
तीन दिन पहले देवहा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पानी कस्बे में घुस गया था। दोनों विद्युत उपकेंद्रों में भी जलभराव होने के बाद चलते मशीनें खराब हो गईं। इस वजह से पूरे तहसील क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई थी, इसे अब तक बहाल नहीं किया जा सका है।
भीषण गर्मी में बिजली न आने की वजह से लोग बेहाल हैं। बीसलपुर, बिलसंडा, बरखेड़ा समेत आसपास के 125 से अधिक गांवों के उपभोक्ता परेशानी झेल रहे हैं। इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो चुके हैं। तीन दिन से बिजली न आने के चलते मोबाइल फोन भी चार्ज नहीं हो पा रहे। बिजली निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि जल्दी ही आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
-
मोबाइल चार्ज कराने वालों से परेशान होकर बंद किया जेनरेटर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को मोबाइल फोन चार्ज करने वालों से परेशान होकर जेनरेटर बंद कर दिया। लोगों के जाने के बाद जेनरेटर फिर चालू किया गया। बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद से लोग मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए परेशान हैं।