फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: शहर के 42 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति तीन घंटे रही बाधित

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। शुक्रवार देर रात आई आंधी और बारिश से जिले भर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। बिजली लाइन पर पेड़ व उनकी टहनियां गिरने से आए फॉल्ट से कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के उपभोक्ता तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली कटौती से परेशान रहे। पूरनपुर, बीसलपुर, बिलसंडा, अमरिया, मझोला, घुंघचाई क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी कई घंटे बिजली नहीं मिल सकी।
विज्ञापन

रात करीब 12 बजे आंधी-बारिश से शहर के 42 हजार उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। बिजली निगम के कर्मचारियों ने आंधी-बारिश को देख शहर के बीसलपुर मार्ग स्थित 33 केवीए के सब स्टेशन को बंद कर दिया। इससे शहर के रामलीला फीडर, नकटादाना, स्टोर सेंटर, जिला अस्पताल सहित अन्य स्थानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
आंधी के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली के तारों पर पेड़ व टहनियां गिरने से फॉल्ट हुए। इससे करीब तीन घंटे तक लोगों को बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी। वहीं शनिवार सुबह शहर के नई बस्ती, अशोक कॉलोनी, एकता नगर, निरंजनकुंज कॉलोनी, अवध नगर, सुरभि कॉलोनी, राजा बाग आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि आंधी-बारिश में कुछ एक इलाकों में दिक्कत आई थी, जिसे कर्मचारियों को भेजकर सही करा दिया गया।
विज्ञापन



बिजली आपूर्ति ठप, उपभोक्ताओं ने झेली दिक्कत
घुंघचाई। आंधी व बारिश के चलते शुक्रवार रात बाधित हुई बिजली आपूर्ति शनिवार दोपहर के बाद बहाल हो सकी। घुंघचाई बिजली उपकेंद्र से जुड़े दिलावरपुर, सिमरिया, घुंघचाई, कालाबोझ, कसगंजा, गुलड़िया भूप सिंह, नरायनपुर गोपालपुर, कैशोपुर आदि गांवों के उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बरखेड़ा। आंधी से बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अवर अभियंता संत कुमार वर्मा ने बताया कि देहात क्षेत्र की सुहास लाइन, गाजीपुर लाइन पर पेड़ गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तारों को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा हैं। देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लाइन की मरम्मत के बाद बहाल हो जाएगी।
अमरिया। शुक्रवार रात 12 बजे आंधी आने से कस्बे में बिजली का तार टूट कर गिर गया। इससे लगभग पांच घंटे कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा उड़रा फीडर की ओर जाने वाली हाईटेंशन लाइन पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से एक खंभा टूट कर गिर गया। बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस लाइन से जुड़े लगभग 20 गांव की आपूर्ति शनिवार शाम तक ठप रही।

मझोला। आंधी में बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से मझोला और न्यूरिया क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कर्मचारियों ने शनिवार सुबह काफी मशक्कत के बाद आपूर्ति सुचारू की। वहीं मझोला-पीलीभीत मार्ग पर न्यूरिया थाने के सामने एक पेड़ जड़ से उखड़कर मार्ग पर गिर गया। आसपास के लोगों ने पेड़ काटकर आवागमन सुचारू कराया।

दो घंटे ठप रही पूरनपुर नगर की बिजली

पूरनपुर। रात में आंधी और बारिश से बिजली लाइन में आए फाल्ट से नगर की बिजली आपूर्ति दो घंटे ठप रही। नगर के विद्युत उपकेंद्र में पांच की जगह 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर सुबह करीब साढ़े छह बजे फिर नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देहात के विद्युत सब स्टेशन से बाईपास कर सुबह 11 बजे नगर की बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। उप खंड अधिकारी मोहित गुप्ता ने बताया कि आंधी पानी से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से रात में बिजली आपूर्ति ठप हुई थी। जिसे दुरुस्त करा दिया गया। बताया कि विद्युत उपकेंद्र मेंं ट्रांसफार्मर बदलने का काम भी पूरा कर लिया गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें