पूरनपुर। घर की खराब बिजली लाइन सही करने से मना करने पर आरोपियों ने बिजली मैकेनिक पर धारदार हथियार से वार कर दिया। आरोप है कि उसे घर में खींचकर बंधक बनाकर पिटाई की गई। सेहरामऊ उत्तरी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खुटार थाना क्षेत्र के गांव जादौपुर कलां निवासी हासिम खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह बिजली मिस्त्री है। बताया कि वह बाइक से गांव गोरा में निजामुद्दीन के घर के सामने से निकल रहा था। इस दौरान निजामुद्दीन ने घर की खराब बिजली लाइन सही करने को कहा। उसने मना कर दिया। आरोप है कि निजामुद्दीन ने धारदार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया। पत्नी, बहन और एक अन्य ग्रामीण के सहयोग से उसे खींचकर घर में बंधक बनाकर पिटाई की। उसकी बाइक भी तोड़ दी। शोर-शराबे पर पड़ोसियों ने बमुश्किल उसे बंधनमुक्त कराया। सेहरामऊ उत्तरी इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद