पीलीभीत सदर, बीसलपुर, पूरनपुर और बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की छह सड़कों की हालत सुधरने वाली है। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के दो मार्गों की हालत भी सुधरेगी। करीब नौ किलोमीटर लंबी इन सड़कों का निर्माण पांच करोड़ रुपये से कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण की मंजूरी केंद्रीय राज्यमंत्री/ सांसद जितिन प्रसाद के प्रयासों से मिली है। सड़कों के निर्माण से करीब 40 हजार की आबादी को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
जिले में कई मार्ग लंबे समय से जर्जर हैं। सड़क के गड्ढे राहगीरों को दर्द दे रहे हैं। इन खस्ताहाल सड़कों की समस्या सामने आने पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने सक्रियता से प्रयास किया। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर त्वरित आर्थिक विकास योजना से सड़कों का निर्माण कराए जाने का अनुरोध किया। केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रयासों से जिले की छह और बरेली की बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिली है।
इन सड़कों का कराया जाएगा निर्माण
इसमें बीसलपुर क्षेत्र की गांव मकरंदापुर से संपर्क मार्ग, पूरनपुर क्षेत्र में हरीपुर बिजलीघर के संपर्क मार्ग से किशनपुर, बंजरिया संपर्क मार्ग से सिंह बाबा के स्थान तक सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा सदर विधानसभा क्षेत्र में मुगलखेड़ा से फरीदपुर संपर्क मार्ग, बरखेड़ा क्षेत्र में मड़रिया-भौरियाई संपर्क मार्ग से बिथरा संपर्क मार्ग और मुड़ेला खुर्द से कुठिया तक सड़क निर्माण कराया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व एवं विकासोन्मुख सोच के परिणाम स्वरूप प्रदेश में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने का कार्य निरंतर प्रगति पर है। पीलीभीत को भी इसका लाभ मिल रहा है। यह स्वीकृति जिले के विकास को नई दिशा देने वाली है।