डॉ. गंगाराम मेमोरियल इंटर कॉलेज बिलसंडा में परिणाम की खुशी जाहिर करते विद्यार्थी। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। कोरोना के कारण पिछले साल बोर्ड परीक्षाएं नहीं हुईं। उससे पीछे शैक्षिक सत्र 2019-20 में परीक्षाएं हुईं थीं। उस वक्त के परिणाम की तुलना इस बार के रिजल्ट से करें तो स्थिति बेहतर नजर आती है। इस दौरान न केवल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट बेहतर हुुआ बल्कि टॉपरों ने नंबरों की नई लकीर भी खींच दी है। उनके नंबरों का प्रतिशत इस बार बढ़ा है।
शैक्षिक सत्र 2019-20 में हाईस्कूल में कुल 80.31 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए थे जबकि इस बार 88.26 प्रतिशत छात्र सफल हुए। इंटरमीडिएट में 83.45 प्रतिशत रिजल्ट रहा था जो इस बार 84.39 प्रतिशत है। टॉपरों के नंबरों की बात करें तो हाईस्कूल में इस बार 94.5 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले अनुज गंगवार जिला टॉपर बने हैं। जबकि 2019-20 सत्र में बीसलपुर के शिवम गंगवार ने 91.5 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया था। यानी इस बार के टॉपर ने 3 प्रतिशत ज्यादा अंक हासिल किए हैं। इस बार टॉप टेन की सूची में कुल 19 विद्यािर्थियों ने जगह बनाई। दिलचस्प बात ये है कि सभी के अंक 2019-20 सत्र के टॉपर से ज्यादा हैं। आखिरी पायदान के छात्र के 91.83 प्रतिशत अंक हैं। दूसरी तरफ इंटरमीडिएट की बात करें तो इस बार टॉप करने वाली छात्रा पलक वर्मा के 90.80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसकी तुलना 2019-20 सत्र के टॉपर से करें तो अंक चार प्रतिशत ज्यादा हैं। उस वक्त टॉपर बनीं श्वेता देवी ने 86.80 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए जिला टॉप किया था। शैक्षिक सत्र 2019-20 में हाईस्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थी इंटरमीडिएट में उस तरह का प्रदर्शन नहीं दोहरा पाये। उस सत्र में हाईस्कूल में बीसलपुर के शिवम ने 91.5 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए जिला टॉप किया था। वह इस बार इंटरमीडिएट में 90.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान बना पाए। हाईस्कूल में 89.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान पाने वाले बीसलपुर के अंकित कुमार इस इंटरमीडिएट में 86.60 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप टेन की सूची में नौवें स्थान पर पहुंचे।