छात्र कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सरकार और परीक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पीलीभीत। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर देशभर में उठ रहे विरोध के बीच बृहस्पतिवार को छात्र कांग्रेस पीलीभीत ने भी प्रदर्शन किया। छात्र कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने शहर के मुख्य बाजार स्थित गैस चौराहा पर एकत्र होकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को छात्रों के भविष्य पर सीधा हमला बताया। प्रदर्शनकारियोंं का कहना था कि देश के करोड़ों छात्र कठिन मेहनत और संघर्ष के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भ्रष्ट तंत्र और शिक्षा माफियाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है।
छात्रों का आरोप था कि लगातार हो रहे परीक्षा घोटाले पर सरकार और परीक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। छात्र कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि यदि देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाएं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं तो यह सरकार और संबंधित एजेंसियों की पूर्ण विफलता है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें राजनीतिक संरक्षण देना तुरंत बंद किया जाए।
इस मौके पर हेमंत कुमार गैरोला, जिला उपाध्यक्ष एनएसयूआई कमलेश लोधी, प्रदीप मौर्य, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद सूरज, मोहम्मद कामरान, सचिन, इकबाल अहमद, भुवनेश लोधी, मुन्नी और श्रीकृष्ण गंगवार सहित बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र मौजूद रहे। संवाद