पूरनपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से हुई शिकायत के बाद बृहस्पतिवार दोपहर बाद नगर पालिका की टीम ने पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान शुरू होने की भनक पर अधिकांश दुकानदारों ने अतिक्रमण कर दुकानों के बाहर रखे सामान को खुद हटा लिया। अतिक्रमण कर दुकानों के बाहर रखे गए सामान पर 35 व्यापारियों का चालान कर 16 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला गया। अतिक्रमण न हटाने को लेकर व्यापारी से टीम के सदस्यों की नोकझोंक हुई।
नगर पालिका के चार सदस्यों ने डीएम की अध्यक्षता में तहसील सभागार में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलवाने की मांंग की थी। बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित की मौजूदगी में नगर पालिका की टीम ने पुलिस टीम के साथ दोपहर ढ़ाई बजे के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पकड़िया चौराहा से मुख्य बाजार होते हुए राधामाधव जगन्नाथ मंदिर वाली गली, स्टेशन चौराहा से शेरपुर रेलवे क्राॅसिंग तक अभियान चलाया गया। अभियान की भनक लगने पर अनेक दुकानदारों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया।
स्टेशन चौराहा पर अतिक्रमण कर लगाए जाने वाले फलों के ठेले, शेरपुर रोड पर सडक़ के दोनों ओर लगने वाली सब्जी की दुकानें अतिक्रमणकारियों ने पहले ही हटा लीं। नगर पालिका कर्मियों ने कई स्थानों पर दुकानों के बाहर धूप, बरसात से बचने को डाली गई पॉलीथिन को हटवाया। बाजार रोड पर एक बान व्यापारी से टीम की नोकझोंक हुई। बान व्यापारी ने सामान को न हटाने की चेतावनी दी। बाद में बान व्यापारी का चालान काटकर जुर्माना लिया गया।
टीम के लौटते ही पहले जैसी स्थिति हो गई
शेरपुर रोड पर खड़ी बस हटाने को कहने पर बस संचालकों का कहना था कि बसें सालों से इसी स्थान से आवागमन करती है। शाम पांच बजे के बाद अभियान समाप्त होने पर अधिकांश स्थानों पर पहले जैसी स्थिति फिर हो गई। अभियान में नगर पालिका के ईओ एजाज अहमद, कोतवाल पवन कुमार पांडेय, नगर पुलिस चौकी इंचार्ज अरुण कुमार, नगर पालिका के लेखाकार दिनेश भारती आदि शामिल रहे। संवाद
ईओ ने बताया कि 35 अतिक्रमणकारियों का चालान कर जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि टीम में तीन विभाग शामिल रहे। मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मिलने पर फिर अभियान चलवाया जाएगा।
पूरनपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान में दुकान के बाहर डाली गई पन्नी को हटाते कर्मचारी-संवाद