सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे टैंकर चालक बरेली के थाना मीरगंज के गांव गुगई निवासी हरपाल और रामपुर के थाना मिलक के अब्दुल्लापुर निवासी डोरी लाल को बेकाबू कार ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने टैंकर चालक हरपाल के भाई त्रिलोचन सिंह की ओर से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। दोनों टैंकर चालकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे टैंकर चालकों की मौत की घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। बरेली के थाना मीरगंज के गांव गुगई निवासी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि उनका भाई हरपाल और रामपुर के थाना मिलक के गांव अब्दुल्लापुर निवासी डोरी लाल टैंकर लेकर पूरनपुर चीनी मिल से शीरा लेने गए थे। वहां पहुंचकर दोनों ने अपने टैंकर चीनी मिल के पास असम हाइवे किनारे खड़े कर दिए और सड़क किनारे बैठ कर खाना खाने लगे। इसी दौरान पूरनपुर की ओर से बेकाबू गति से आई कार ने दोनों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे टैंकर चालकों ने कार ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की तो वह कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने टैंकर चालक हरपाल के भाई त्रिलोचन सिंह की ओर से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है।