शारदा नदी के पैंटून पुल की मरम्मत करते मजदूर। विभाग
पूरनपुर। शारदा नदी उफनाने के कारण दूसरे दिन भी वाहनों का आवागमन ठप रहा। इस दौरान क्षतिग्रस्त पैंटून पुल की मरम्मत कराई गई। विभागीय अफसर अगले दो दिन भी आवागमन शुरू न होने की आशंका जता रहे हैं।
तहसील क्षेत्र के शारदा पार के गांवों में हर साल पैंटून पुल से आवागमन होता है। बृहस्पतिवार को जलस्तर बढ़ने पर नदी उफना गई थी। पुल के समीप और हजारा की ओर बैरियर के समीप दो से ढाई फुट पानी का तेज बहाव शुरू हो गया था। इससे वाहनों का आवागमन बंद हो गया था। इसी क्रम में दूसरे दिन भी जलभराव के कारण वाहनों का आवागमन बंद रहा।
पीडब्ल्यूडी के जेई मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को भी पानी के तेज बहाव के कारण वाहनों का आवागमन नहीं हुआ। पैंटून पुल के पटले इधर-उधर हो गए थे। जिनको शुक्रवार को सही कराया गया। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों में भी वाहनों का आवागमन संभव नजर नहीं आ रहा है।