पीलीभीत/बरखेड़ा। रास्ते के निकास में एक पक्ष का सहयोग करते हुए बरखेड़ा थाने के हेड कांस्टेबल पर सादा वर्दी में तीन अन्य पुलिस कर्मियों के साथ दूसरे पक्ष के घर में नशे की हालत में महिलाओं से मारपीट करते हुए तोड़ फोड़ का आरोप लगा है। पीड़िता ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के वार्ड नंबर नौ की रहने वाली अन्नी बेगम पत्नी याकूब ने दी गई तहरीर में बताया कि पड़ोस के ही रहने वाले शाहिद अली से निकास को लेकर विवाद चल रहा है। जिसकी शिकायत भी की जा चुकी है। 19 फरवरी को रात नौ बजे थाने के एक हेड कांस्टेबल, तीन अन्य पुलिस कर्मियों के साथ नशे में उसके घर पहुंचे और दूसरे पक्ष का रास्ता निकलवाने का प्रयास किया।
आरोप है कि नशे में उन्होंने महिलाओं से मारपीट की। सामान भी तोड़ दिया। थाना प्रभारी मृदुलकांत शुक्ला ने बताया कि ऐसा मामला नहीं है। फोन कर पुलिस को बुलाया गया था। जिस पर हेड कांस्टेबल पहुंचे थे। लगाए गए आरोप गलत हैं।