बीसलपुर। पीलीभीत के मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी युवक की बृहस्पतिवार शाम नगर के ईदगाह चौराहे पर ई- रिक्शा चालक से बाइक टकराने को लेकर विवाद हो गया। रिक्शा वाले ने अपनी गलती मान ली, फिर भी युवक उससे भिड़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव करने का काफी प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माना और हंगामा करता रहा। बाद में युवक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपना मेडिकल परीक्षण करने का प्रयास किया।
आपातकालीन कक्ष में मौजूद स्टाफ ने कोतवाली से स्लिप बनवाकर लाने को कहा। युवक इस पर तैयार नहीं हुआ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आपातकालीन कक्ष में भी हंगामा करने लगा। युवक का कहना था कि पुलिस की स्लिप के बगैर ही उसका मेडिकल परीक्षण कर दिया जाए। आरोप है कि युवक शराब के नशे में था। आपातकालीन कक्ष में तैनात कर्मचारी उसका वीडियो बनाने लगे, तभी वह भाग गया। आपातकालीन कक्ष प्रभारी देवेंद्र गंगवार ने बताया कि शराबी को बहुत मुश्किल से नियंत्रित किया गया। संवाद