पखवाड़ा भर से तपती गर्मी झेल रहे जिलेवासियों ने मंगलवार को हुई मामूली
बूंदाबादी से राहत महूसस की, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकी। दोपहर
बाद निकली चिलचिलाती धूप और उमस से जनमानस बेहाल हो उठा।
सोमवार रात से
मौसम का मिजाज खुशनुमा रहा। मंगलवार सुबह से आसमान के काले बादल छाए रहे।
बीच-बीच में छुटपुट बूंदाबांदी भी होती रही। जिससे लोगों ने राहत की सांस
ली। दोपहर 12 बजे के बाद काले बादलों की ओट में छिपे सूरज ने लुकाछिपी का
खेल शुरू कर दिया। जिससे उमस भी बढ़ गई।
कुछ देर बाद ही चिलचिलाती धूप
निकलने से राहत महसूस कर रहे लोगों पर गर्मी आफत बनकर टूट पड़ी। हर कोई
चिलचिलाती धूप और उमस से बेहाल हो उठा। पिछले कुछ दिनों लगातार चल रही गर्म
हवाओं से भी लोगों को निजात मिली। आसमान में बादल देख दिन भर लोग बरसात
होने की आस लगाए बैठे रहे, लेकिन शाम छह बजे तक बारिश तो दूर मामूली
बूंदाबांदी भी नहीं हुई।
शाम को साप्ताहिक बंदी के बावजूद लोग बाजार
में घूूूमते दिखे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस तथा
न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।