समायोजन प्रक्रिया के तहत प्रथम बैच के 550 शिक्षामित्रों को गत वर्ष अगस्त माह में सहायक अध्यापक पद पर समायोजित किया गया। समयोजित शिक्षकों को नवंबर माह से वेतन भुगतान किया गया, लेकिन पूर्व के तीन माह का भुगतान अभी तक नहीं दिया गया। इसको लेकर ज्ञापन भी दिए गए लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। इधर तीन माह का बकाया वेतन भुगतान न मिलने के विरोध में शिक्षकों ने मंगलवार को बीएसए कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल वर्मा ने कहा कि मंडल के सभी जिलों मेें अवशेष वेतन का भुगतान किया जा चुका है लेकिन अपने जनपद में ज्ञापन आदि देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। वेतन भुगतान के आदेश नहीं किए गए तो बेसिक शिक्षामंत्री को अवगत कराया जाएगा। तय हुआ कि वेतन भुगतान के आदेश होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। इधर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाकमंत्री संतोष कुमार ने भी धरनास्थल पहुंचकर समर्थन किया। ब्लाक अध्यक्ष रामवीर माथुर, जिला प्रभारी कांता प्रसाद, चंद्रभान, राज पटेल, अजयपाल शर्मा, नीरज गंगवार ने भी विचार रखे। धरने में भगवतसरन वर्मा, महेश वर्मा, रमेश वर्मा, सुरेशचंद्र, मुनेंद्रपाल, विजयपाल सिंह, विश्राम सिंह, अनिल सिंह चौहान, प्रभा कुमारी, कमलेश यादव, जालिम सिंह, राममूर्ति, अखिलेश गंगवार आदि शिक्षक शामिल रहे।