कलीनगर। शारदा नदी के पार चल रहे सीमांकन कार्य के दौरान एक पट्टाधारक पर कब्जेदार ने अपने साथियों की मदद से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम रामनगरा निवासी दीपक बरोई ने माधोटांडा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि चार जून को शारदा नदी के पार राजस्व एवं वन विभाग की ओर से संयुक्त सीमांकन की कार्रवाई चल रही थी। वह पट्टाधारक होने के नाते एसएसबी कैंप के पास रहे। आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे विपुल चौधरी, चानू चौधरी, बाबू चौधरी, राकेश गुप्ता, रामसेवक चौहान, दिनेश चौहान, गौरे चौहान और कार्तिक चौधरी समेत 20 लोग वहां पहुंचे और उसे रास्ते में घेर लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी जमकर पिटाई की। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। मारपीट में वह घायल हो गया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया और धमकियां भी दीं।
थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद