पीलीभीत/बिलसंडा। पीएचसी पर तैनात चिकित्सक के एक माह से अवकाश पर चले जाने से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को उपचार नहीं मिल रहा है। मरीजों को उपचार के लिए बीसलपुर और बिलसंडा सीएचसी की दौड़ लगानी पड़ रही है। इससे 30 गावों के मरीजों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पीएचसी का निर्माण कराया गया। इसी क्रम में बिलसंडा सीएचसी क्षेत्र के गांव ईंटगांव में इसका निर्माण कराया गया। लेकिन विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। पीएचसी में महज वार्ड बॉय और स्टॉफ नर्स के सहारे ही मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। ऐसे में मरीजों को महज सर्दी,खांसी जैसी सामान्य बीमारियों की दवा मिल रही है। वहीं जांच के लिए भी मरीजों को बिलसंडा और बीसलपुर सीएचसी की दौड़ लगानी हो रही। बताया जा रहा है कि चिकित्सक को तैनात किया गया, लेकिन पिछले एक माह से वह अवकाश पर चल रहे हैं। विभाग ने वैकल्पिक तौर पर अन्य चिकित्सक को यहां नियुक्त किया। मगर वह ट्रेनिंग पर भेज दिए गए। जिससे स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बदहाल हो गईं। मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन गांवों को हो रही दिक्कत
गांव मुड़गंवा, बिधोली, करनपुर चक्र, नौगवां संतोष, केंचुआ, मानपुर, टेहरी, अकबराबाद, दमूपुरा, घुंघचाई समेत अन्य गांवों के मरीज इस पीएचसी पर उपचार को पहुंचते हैं।
तैनात किए गए चिकित्सक अवकाश पर चले गए हैं। उनके स्थान पर अन्य चिकित्सक को तैनात किया गया। विभागीय ट्रेनिंग होने से वह वहां गए है। जल्द ही वह विधिवत पहुंचने लगेंगे।-डॉ. आलमगीर सीएचसी अधीक्षक।