जल निकासी से प्रभावित वल्लभनगर कॉलोनी का जायजा लेते डीएम संजय कुमार सिंह।स्रोत: सूचना विभाग
पीलीभीत। रेलवे की ओर से तालाब का पटान कराए जाने से वल्लभनगर कॉलोनी की गलियों में पानी भर गया है। जल निकासी की समस्या से जूझ रहे मोहल्ले के 400 परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं। शुक्रवार को डीएम ने वल्लभनगर कॉलोनी पहुंचकर जल निकासी की समस्या का हाल जाना। लोगों को रेलवे की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
रेलवे स्टेशन के करीब ही वल्लभनगर मार्ग पर रेलवे का बड़ा तालाब है। करीब एक सप्ताह से रेलवे की ओर से तालाब में मिट्टी पटान का कार्य कराया जा रहा है। तालाब पाटे जाने से वल्लभ नगर कॉलोनी के लोगों की जलनिकासी प्रभावित हो गई है। कॉलोनी की नालियां चोक हो गईं हैं। गलियों में पानी भरने से लोगों के चबूतरे तक डूब चुके हैं, आवाजाही में भी समस्या हो रही है।
बुधवार को एसडीएम ईओ प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक बीणा सिन्हा को पत्र लिखकर वैकल्पिक व्यवस्था कराने की बात कही। बृहस्पतिवार को भी लगातार पटान कार्य से समस्या और बढ़ गई।
शुक्रवार को तालाब पटान से जल निकासी की समस्या को लेकर डीएम संजय कुमार सिंह ने कॉलोनी का जायजा लिया। उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले लोगों से बातचीत की। तालाब का लेआउट देखा। डीएम ने रेलवे विभाग के अधिकारियों से जल्द बातचीत कर वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन लोगों दिया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सहित अन्य उपस्थित रहे।
जल निकासी से प्रभावित वल्लभनगर कॉलोनी का जायजा लेते डीएम संजय कुमार सिंह।स्रोत: सूचना विभाग