पीलीभीत। माला रेंज में पिछले दिनों लगी आग से नुकसान की भरपाई वन कर्मियों से की जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद साल के तीन पेड़ों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। नुकसान का आंकलन करने के बाद 16,831 रुपये की वसूली माला रेंज के वन कर्मियों से करने के डीएफओ ने निर्देश दिए हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में फायर सीजन की शुरुआत में ही कई रेंजाें में आग की घटनाएं सामने आईं थीं। इसमें महोफ रेंज में लगी आग से ग्रासलैंड क्षेत्र में नुकसान पहुंचा था। हालांकि फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया था। इसके बाद पिछले दिनों माला रेंज के जंगल में भी आग की घटना सामने आई थी।
दो दिन तक जली आग से वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा था। आग के जंगल सीमा से सटे इलाके तक पहुंचने के बाद विभागीय कर्मचारी और अधिकारी हरकत में आए थे। किसानों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया था। आग 70 हेक्टेयर से अधिक दायरे में फैल गई थी। घटना में वनकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर डीएफओ मनीष सिंह ने तीन सदस्यीय टीम को जांच सौंपी थी।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नुकसान का आंकलन कराया गया। इसमें साल के तीन पेड़ों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद 16,831 रुपये की वन संपदा को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। इसकी वसूली संबंधित क्षेत्र के वनकर्मियों से की जाएगी। इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं।