कलक्ट्रेट में एक कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम पुलकित खरे।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। एक दिन पूर्व कलक्ट्रेट के निरीक्षण में अभिलेख अधूरे मिलने के बाद डीएम ने एक सप्ताह के भीतर सुधार करने के सख्त निर्देश दिए थे। ऐसे में अन्य कार्यालयों की स्थिति परखने के लिए लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी कलक्ट्रेट के अन्य कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। अभिलेख अधूरे होने पर लिपिकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम पुलकित खरे सुबह साढ़े 10 बजे कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की। फिर पटलों को देखा। न्याय सहायक पटल के कार्यों का निरीक्षण के दौरान स्टार संदर्भ, गार्ड पत्रावली, गैंगेस्टर समेत प्रमुख पत्रावलियों की जांच की। इस दौरान गार्ड पत्रावली बनी पाई गई, मगर अपडेट न होने पर तत्काल करने के निर्देश दिए। गैंगेस्टर, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, विवेचकाधीन कोष, मजिस्ट्रीयल जांच, चरित्र, दाखिला आदि रजिस्टर बने नहीं मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। समस्त रजिस्टर 15 दिन के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। इस काम के पूरा होने तक संबंधित लिपिकों का वेतन रोक दिया। उन्होंने कहा कि पत्रावलियों के साथ उनसे संबंधित प्रत्येक रजिस्टर तैयार रखें। नियमित अपडेट नहीं किया गया तो कार्रवाई तय है। कोई पत्रावली, दाखिला, चरित्र लंबित न रहे। स्थानीय निकाय लिपिक के पटल से संबंधित कार्य भी देखे। स्टार संदर्भ, 14वें और 15वें वित्त के तहत किए गए कार्यों से संबंधित रजिस्टर, पत्रावली मांगे जाने पर उपलब्ध न कराने पर भी फटकार लगाई। उन्होंने स्थानीय निकाय लिपिक प्रथम, द्वितीय का वेतन रोका।