पीलीभीत। जिला पंचायत पिछले तीन माह से सुर्खियाें में है। रोज नए विवाद और आरोप सामने आ रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके पति पर आरोप-प्रत्यारोप, निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी, निर्माण में 35 प्रतिशत कमीशन की मांग और कई अन्य आरोप जिला पंचायत पर लगे हैं। निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी के मामले भी सामने आ चुके हैं। कर्मचारियों की मनमानी भी चर्चा में हैं। इस सबके बाद भी जिले के जिम्मेदार मौन हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके पति पर लगे थे आरोप : फरवरी में पूरनपुर तहसील के गांंव खांडेपुर निवासी दलजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके पति गुरभाग सिंह पर जिला पंचायत के विकास कार्यों में घोटाले का आरोप लगाया।
कहा कि अध्यक्ष ने निजी लाभ के लिए नाला निर्माण कराया। अपने ही भाई की गाड़ी लगाकर जिला पंचायत से लाखों रुपये का भुगतान कर लिया। कई अन्य आरोप भी लगे। इसके जवाब में जिला पंचायत अध्यक्ष के पति गुरभाग सिंह ने प्रेसवार्ता कर भाजपा नेता मंजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। मंजीत सिंह शिकायत कर्ता दलजीत सिंह के भाई हैं। उनकी पत्नी रुपेंद्र कौर जिला पंचायत सदस्य है। यह मामला काफी सुर्खियों में रहा।
इस संबंध में गुरभाग सिंह ने कहा कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी की शिकायत मिली तो जांच कराकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।