पीलीभीत। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने दीप जलाकर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2025 तक जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वह निर्वाचक नामावलियों में नाम शामिल करने के लिए प्रारूप-6 पर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्प्रिंगडेल काॅलेज में स्थापित वोटर रजिस्ट्रेशन केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया।
बच्चों को वोट का महत्व बताते हुए अपील की कि इस दीपावली मैसेज के माध्यम से अपनों को बधाई दें, उसी मैसेज में एक लाइन में वोट बनवाने के लिए लिख कर सभी को जागरूक करें। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु पूनिया, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री केके कश्यप, उप जिलाधिकारी सदर महीपाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं 127 विधानसभा के बूथ 366/367 के बीएलओ सहित तहसील सदर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
तहसीलदार ने मतदान केंद्र पहुंचकर किया निरीक्षण
पूरनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को बीएलओ ने मतदान केंद्रों पर मतदाता सूचियों का प्रदर्शन किया।
मतदाताओं को सूचियां पढ़कर सुनाईं गईं। मतदाताओं ने सूचियों में अपना नाम देखा। तहसीलदार वीरेंद्र कुमार ने नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी के साथ गांव रुरिया सलेमपुर, अमरैया खाता में पहुंचकर निरीक्षण किया। संवाद