पीलीभीत। हॉकी एसोसिएशन पीलीभीत ने जिले में हॉकी को बढ़ावा देने और प्रतिभा को निखारने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। एक होटल में आयोजित सामान्य बैठक में आगामी आठ और नौ नवंबर को एक जिला स्तरीय लीग का आयोजन किया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप खींची की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से तय किया कि इस लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में से एक चयन समिति कई आयु वर्ग की टीमों का चयन करेगी जो जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हॉकी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में कार्यरत सभी हॉकी टीम और क्लबों का पंजीकरण अब हॉकी एसोसिएशन पीलीभीत के अंतर्गत कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए 200 का शुल्क निर्धारित किया गया है। इस पहल की शुरुआत पहले दिन ही हो गई, जब डायमंड हॉकी क्लब का पंजीकरण किया गया।
राष्ट्रीय खिलाड़ियों का होगा सम्मान
बैठक में यह भी निर्णय लिया कि जिले के उन सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में पीलीभीत का नाम रोशन किया है। बैठक में संरक्षक सुरेश कौशल, अनिल महेंद्र आदि मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी दिनेश आजाद, घासीराम, मीनू सक्सेना, वीणा वर्मा, विभा मिश्रा, विजय लक्ष्मी, सतीश बाबू और कई अन्य हॉकी प्रेमी भी मौजूद रहे।