यदि आप खेत, प्लाट, मकान या दुकान खरीदना चाहते हैं तो जल्दी किए। पहली अगस्त से रजिस्ट्री का खर्च बढ़ जाएगा। नये सर्किल रेट में पांच से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके लिए सूची चस्पा कर आपत्तियां मांगी गई हैं।
शहर सहित पूरे जिले में प्रति वर्ष सर्किल रेटों का निर्धारण होता है। इस वर्ष भी अगस्त से नये सर्किल रेट लागू होने हैं। इसके लिए गत माह संबंधित अधिकारियों की बैठक की गई थी। इसमें जमीन कारोबार ठप होने के चलते सर्किल रेट में मामूली वृद्धि करने पर सहमति बनी। एडीएम के निर्देश एआईजी स्टांप और सब रजिस्ट्रार ने नये सर्किल रेटों का प्रस्ताव तैयार किया। इसमें जिले के सर्किल रेटों में पांच से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। सर्किल रेट बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार होने के बाद प्रस्तावित रेट की सूचियां सभी क्रमश: सदर, बीसलपुर व पूरनपुर के रजिस्ट्री कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई हैं। इन प्रस्तावित सूचियों पर 26 जुलाई तक आपत्तियां मांगी गई हैं। एडीएम अजयकांत सैनी ने बताया कि सर्किल रेट में बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके लिए आपत्तियां मांगी गई हैं। 26 तक प्राप्त आपत्तियों का 31 जुलाई तक निस्तारण कर पहली अगस्त से नया सर्किल रेट लागू कर दिया जाएगा।