नेडा की ओर से ‘बा’ स्कूल की 72 छात्राओं को मिली सोलर लालटेन
जिले के आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को नेडा के ओर से सोलर लालटेन प्रदान की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र ने छात्राओं को लालटेन सौंपीं।
ब्लाक संसाधन केंद्र मरौरी परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में वर्ष 2015-16 की वार्षिक परीक्षा में कक्षा छह, सात व आठ में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन बतौर यह लालटेन दी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र ने जिले के आठ ‘बा’ स्कूलों की 72 छात्राओं को यह लालटेन दी। इस दौरान बीएसए जयप्रताप सिंह ने कहा कि छात्राओं को यह पुरस्कार उन्हें प्रोत्साहित करने और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करने को दिया जा रहा है। छात्राएं मेहनत व लगन से पढ़ाई कर अपने गांव शहर का नाम रोशन करें। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर जिला समन्वयक बालिका शिक्षा मनीष श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य मालती देवी, नेडा प्रतिनिधि जाने आलम, वार्डेन कहकंशा परवीन, अलका मिश्रा, कुंती देवी, निशा पांडे आदि मौजूद रहीं।