पीलीभीत। नेटवर्क की समस्या के कारण रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों को ऑनलाइन टिकट की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में खुले रुपयों को लेकर यात्री व चालक में आएदिन नोकझोंक होती है।
स्थानीय डिपो से 103 बसों का संचालन दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, हरिद्वार आदि जगहों के लिए किया जाता है। ऑनलाइन टिकट के लिए परिचालकों को टिकट काटने वाली मशीन में ही बार कोड दिया गया है, जिससे लोगों को खुले रुपयों को लेकर किसी तरह की दिक्कत न हो। मगर नेटवर्क की दिक्कत रहने से यात्रियों को ऑनलाइन टिकट नहीं मिल पाते हैं।
ऐेसे में यात्रियों के साथ परिचालकों को भी दिक्कत होती है। इस संबंध में कई बार परिचालकों ने उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नेटवर्क की वजह से दिक्कत आती है। इसको लेकर अधिकारियों को जानकारी दी गई है। आदेश आने के बाद ही नेटवर्क समस्या को दूर करा दिया जाएगा।
खुले रुपयों को लेकर यात्रियों से होती है नोकझोंक
बस में यात्रियों व चालकों के बीच खुले रुपयों को लेकर आए दिन नोकझोंक होती है। ऐसे में चालक टिकट के पीछे बकाया धनराशि को लिख देते है। ऐसे में कई बार कुछ एक यात्री जल्दबाजी में रुपये लेना भी भूल जाते हैं।