पीलीभीत/पूरनपुर। थाना हजारा के गांव कबीरगंज में रहने वाले बोग सिंह ने तीन साल पहले बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया। जेई का स्थानांतरण हो जाने से कनेक्शन तो नहीं मिला। बिजली का बिल 3.91 लाख हो गया। गांव में बिजली आपूर्ति लखीमपुर खीरी जिले से होती है। समस्या समाधान के लिए बोग सिंह दो जिलों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल, अफसरों के बाद उन्होंने शनिवार को पूरनपुर तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को शिकायती पत्र दिया है। यह सुनकर डीएम ने मामले में जांच कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह कई अन्य फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण भी मौके पर नहीं हो सका।
जिलाधिकारी व एसपी सुकीर्ति माधव की अध्यक्षता में पूरनपुर तहसील में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 35 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें सिर्फ तीन शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास, बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे गए। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत किसान के परिजन को सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
तहसील सभागार में शनिवार को डीएम और एसपी सुकीर्ति माधव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने शिकायतों का गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारण करने, अफसरों को शिकायतों के समाधान को मौके पर पहुंचने, दोनों पक्षों को बुलाकर शिकायत का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। एसडीएम पूरनपुर अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि बोग सिंह का प्रार्थना पत्र लखीमपुर में संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। वहीं से जांच कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
इस तरह पीलीभीत सदर में 26 शिकायतों में से तीन, क्लीनगर में सात शिकायतों में से शून्य, बीसलपुर में 18 शिकायतों में से पांच, अमरिया में आठ शिकायतों में से दो और पूरनपुर में 35 शिकायतों में से तीन का ही निस्तारण हो सका। कलीनगर तहसील में एसडीएम प्रमेश कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। अधिकांश शिकायतें राजस्व से संबंधित रहीं। पुलिस, बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी आईं। बीसलपुर में एसडीएम नागेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। संवाद
-
शिकायतें कई...समस्या का समाधान अब तक नहीं
घर के पास में स्थित मैदान में बैठने वाले छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग पिछले दो साल से कर रहे हैं। इन पशुओं से मोहल्ले वालों को दिक्कत होती है। महिलाओं और बच्चों का निकलना मुशकिल होने लगता है। इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायती पत्र दिए, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इस बार फिर इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया है। - ओमप्रकाश कश्यप, मोहल्ला दुबे बीसलपुर
-
पिता के नाम गांव के समीप जमीन है। पिता का कई साल पहले इंतकाल हो चुका है। गांव के कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से नींव खोद दी। इससे पहले वर्ष 2018 में भी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। तब मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की थी। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही।- असलम कुरैशी, शेरपुरकलां
गांव में सीसी रोड बनाने को वर्ष 2022-23 में नाली निर्माण कराया गया था। अब तक सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया। इससे लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। शक है कि बगैर सीसी रोड निर्माण के ही धनराशि निकाल ली गई। तमाम बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।- रामप्रताप, सबलपुर खास
जमीन का पट्टा मिला था। बाद में उसी जमीन का पट्टा अन्य को कर दिया गया। मंडलायुक्त कोर्ट तक मुकदमा लड़ा। दो साल पहले हक में आदेश हुआ। अब तक अमल दरामद नहीं हो सका है। कई बार अफसरों से मिलकर शिकायत कर चुका हूं। समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।- बल्लू गिरि, गांव माती माफी
-
सड़कों की मरम्मत न होने पर किया प्रदर्शन
पूरनपुर। गांव उदयपुर खुर्द में जल जीवन मिशन के तहत पांच साल पहले शुरू किए गए कार्य के पूरा न होने, खोदी गई सड़कों की मरम्मत न कराने के विरोध में गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर शीघ्र कार्य पूरा कराने और पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। शिकायती पत्र में कहा कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत पांच साल पहले जलापूर्ति के लिए टैंक का निर्माण कराया गया था। भूमिगत पाइप लाइन डालने का काम शुरू किया गया। मगर पांच साल बाद भी काम पूरा नहीं हो सका। पूर्व में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने पर कागजों में फर्जी निस्तारण दिखा दिया गया। शीघ्र ही कार्य पूरा कराकर पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में राजीव कुमार, बाबा महेंद्र दास, अशोक कुमार, लक्ष्मीदेवी, रामगोपाल आदि शामिल रहे। संवाद