मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर लिपिक सोमवार से हड़ताल पर चले गए थे। इधर मंगलवार को भी लिपिक हड़ताल पर रहे और सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में प्रदेश महामंत्री हीरेश सरन सक्सेना ने कहा कि लिपिकों व कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है। शासन द्वारा लंबित मांगाें को लंबे अरसे से कोई तवज्जो नहीं दी जा रही है। इस हठधर्मिता के खिलाफ अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। सभा को प्रदेश कोषाध्यक्ष नाहिद खां, जिलाध्यक्ष वासुदेव गंगवार, मंत्री राजीव सिन्हा ने भी संबोधित किया। संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष हशमुद्दीन खां ने पहुंचकर हड़ताल का समर्थन किया। धरना देने वालों में प्रदीप कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार, लाखन सिंह, अशोक कुमार, दिव्या शुक्ला, सुशील कुमार, सुमितराज, पंकज सिन्हा, प्रदीप माथुर, मनोज गुप्ता, राजीव कुमार, रामकुमार, सुरेंद्र पाल, शेर मोहम्मद आदि शामिल रहे।
देर शाम जारी हुए फिटनेस सर्टिफिकेट
लिपिकों की हड़ताल के चलते सीएमओ कार्यालय का कामकाज ठप रहा। सोमवार को फिटनेस सर्टिफकेट बनवाने पहुंचे शिक्षामित्रों को देर शाम सर्टिफिकेट जारी किए गए। इधर मंगलवार को भी सीएमओ डॉ. ओम चौहान ने अन्य कर्मचारियों के सहयोग से सर्टिफिकेट जारी किए।